नारायणपुर। जिले में जवानों के बीच झड़प ने ऐसा कोहराम मचाया कि एक एपीसी ने एके 47 से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग की चपेट में आने से दो जवानों की मौत हो गई वहीं एक घायल हो गया। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी एपीसी को गिरफ्तार कर लिया है। कांकेर डीआईजी डॉ संजीव शुक्ला व सीएएफ 09 वाहिनी के सेनानी शशि मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि की है। घटना शुक्रवार देर रात 11 बजे की सीएएफ 09 वाहिनी के बी कंपनी के कैम्प में होना बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक नारायणपुर के अम्बदई घाटी कैंप में जवानों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद एक एपीसी घनश्याम कुमेटी (59) अम्बागढ चौकी राजनांदगांव ने एके 47 से साथी जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस फायरिंग में जशपुर निवासी पीसी बिन्देश्वरी साहनी (54) व चारामा निवासी एचसी 689 रामेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीसी बालोदाबाजार निवासी लक्ष्यराम प्रेमी घायल हो गया जिसे बेहतर उपचार के लिए रामकृष्ण अस्पताल रायपुर भेजा गया है। छोटेडोंगर थाने की पुलिस ने आरोपी एपीसी घनश्याम कुमेटी को गिरफ्तार कर लिया है।