नई दिल्ली । मध्य प्रदेश का सियासी संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार को बागी कांग्रेस विधायकों से मिलने बेंगलुरु गए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और डीके शिवकुमार को बेंगलुरु में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटनाक्रम के बहाने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा भाजपा के द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या की जा रही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए कमलनाथ ने लिखा, बेंगलुरु में भाजपा द्वारा बंधक बनाए गए कांग्रेस विधायकों से मिलने गए कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह व कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों को मिलने से रोकना, उनसे अभद्र व्यवहार करना, उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लेना पूरी तरह से तानाशाही व हिटलर शाही है।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी एक चुनी हुई सरकार को अस्थिर कर रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर रही है। कमलनाथ ने सवाल किया कि आखिर विधायकों से मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा है? भाजपा किस बात से डर रही है? उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में एक गंदा खेल खेल रही है। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मूल्यों व अधिकारों का दमन किया जा रहा है। कमलनाथ ने अपील की कि हमारे नेताओं को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।
हिरासत में लिए जाने पर दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि वह राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार हैं और अपने विधायकों से मिलना चाहते हैं। दिग्विजय ने दावा किया कि अगर वह विधायकों से बात करेंगे, तो विधायक उनके साथ आने को तैयार रहेंगे। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ-साथ डीके शिवकुमार समेत दर्जनों नेताओं को हिरासत में लिया गया है। कांग्रेस से बगावत करने वाले 16 विधायक बेंगलुरु के एक रिजॉर्ट में हैं।
