नईदिल्ली/रायपुर। चुनाव आयोग ने सोमवार को दूसरे चरण के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का एलान कर दिया है। दूसरे चरण में 12 राज्यों में एसआईआर किया जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में अंडमान और निकोबार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुद्दुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाएगा।
देशव्यापी विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण के पूरे होने के बाद इन 12 राज्यों में नई मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। चुनाव आयोग एसआईआर लागू करने की रूपरेखा तय करने के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के साथ पहले ही दो बैठकें कर चुका है। कई सीईओ ने अपनी पिछली एसआईआर के बाद की मतदाता सूचियां अपनी वेबसाइटों पर डाल दी हैं।
रात 12 बजे से SIR वाले राज्यों में वोटर लिस्ट होंगे फ्रीज
मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, ‘जिन राज्यों में एसआईआर किया जाएगा, उन सभी राज्यों की मतदाता सूचियां आज रात 12 बजे फ्रीज कर दी जाएंगी। उस सूची के सभी मतदाताओं को बीएलओ की तरफ से विशिष्ट गणना प्रपत्र दिए जाएंगे। इन गणना प्रपत्रों में वर्तमान मतदाता सूची के सभी आवश्यक विवरण होंगे। बीएलओ की तरफ से मौजूदा मतदाताओं को प्रपत्र वितरित करने के बाद, जिन सभी के नाम गणना प्रपत्रों में हैं, वे यह मिलान करने का प्रयास करेंगे कि क्या उनका नाम 2003 की मतदाता सूची में था। यदि हां, तो उन्हें कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। यदि उनका नाम नहीं, बल्कि उनके माता-पिता का नाम सूची में था, तो भी उन्हें कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। 2002 से 2004 तक की एसआईआर की मतदाता सूची http://voters.eci.gov.in पर कोई भी देख सकता है और वे खुद मिलान कर सकते हैं।’

यह है पूरा सआईआर का कार्यक्रम
प्रिंटिंग व प्रशिक्षण कार्य 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक होगा। 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर मतदाता सत्यापन कार्य किया जाएगा। इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची 9 दिसंबर 2025 को जारी की जाएगी। 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावा आपत्ति ली जाएगी। 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक सुनवाई व सत्यापन किया जाएगा। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
एसआईआर को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार 28 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, शास्त्री चौक, पुराना मंत्रालय परिसर, रायपुर के सभाकक्ष में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विस्तृत जानकारी देंगे।




