बीजापुर। नक्सलियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश करते हुए खूनी वारदात को अंजाम दिया है। उसूर इलाके में बीती रात दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात जिले के उसूर थाना क्षेत्र के ग्राम नेलाकांकेर में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्ममपूर्वक हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रवि कटटम और तिरूपति सोढी के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी और मामा-भांजे थे। घटना की सूचना के बाद उसूर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार तिरुपति सोढ़ी 8वीं पास था। पेशे से किसान था। कट्टम रवि 12 वीं पास था। बताया जा रहा है दोनों का आवापल्ली, बीजापुर मुख्यालय आना जाना होता था। इसलिए मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने उन्हें मारा है। शुक्रवार की रात को नक्सलियों ने दोनों को घर से बाहर बुलाया और मार डाला। पुलिस ने आशंका जताई है कि माओवादियों ने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया है। माना जा रहा है कि माओवादी सुरक्षाबलों और प्रशासनिक गतिविधियों से बौखलाए हुए हैं।




