अहमदाबाद। गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को गुजरात मंत्रीमंडल का विस्तार होना है और उससे पहले सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल का विस्तार शुक्रवार सुबह 11:30 बजे होगा।
वर्तमान गुजरात मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री पटेल समेत कुल 17 मंत्री हैं। इसमें आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री हैं, जबकि इतने ही राज्य मंत्री (एमओएस) हैं। सीएम भूपेन्द्र पटेल के छोड़ इनमें से सभी 16 मंत्रियों ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। 182 सदस्यीय विधानसभा वाले गुजरात में 27 मंत्री या सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत मंत्री हो सकते हैं। इस महीने की शुरुआत में, गुजरात सरकार में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा, केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की जगह भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के नए अध्यक्ष बने। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गुजरात के 10 और मंत्री मिल सकते हैं। यानी कुल 27 मंत्री शपथ ले सकते हैं।