बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। नक्सलियों ने एक बार फिर मुखबिरी के शक में एक हत्या कर दी। इस बार यहां भाजपा कार्यकर्ता की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। घटना के बाद नक्सलियों ने पर्चा जारी कर घटना की जिम्मेदारी ली है। मामला जिले के इलमिडी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार इलमिडी थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में सत्यम पुनेम मुजाल की हत्या कर दी। शव मिलने की सूचना पर इलमिडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सत्यम पुनेम भाजपा कार्यकर्ता था और कांकेर का रहने वाला था। नक्सलियों की मद्येड एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए पर्चा छोड़ा है। पर्चे में लिखा है कि सत्यम पुनेम अधिकारियों तक उनकी जानकारी पहुंचाता है।
बता दें कि पिछले 6 दिनों में ये तीसरी हत्या है। इससे पहले माओवादियों ने 2 ग्रामीणों की भी हत्या की थी। 9 अक्टूबर को पामेड़ थाना क्षेत्र के उड़तामल्ला गांव में नक्सलियों ने ग्रामीण कुमार पोडियम की हत्या कर दी थी। इसके घटना के दो दिन बाद, 11 अक्टूबर की रात उसूर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में नक्सलियों ने एक और ग्रामीण गुड्डू सोड़ी की हत्या कर दी। करीब दो सप्ताह पूर्व 28 सितंबर को बीजापुर में नक्सलियों ने 27 साल के सुरेश कोरसा की हत्या कर दी थी।
