भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित एनीकट में बुधवार को घूमने पहुंचे 6 दोस्तों में से दो दोस्त बह गए। इस हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई है। एक का शव बुधवार देर शाम को बरामद किया गया वहीं दूसरे किशोर का शव गुरुवार की सुबह एसडीआरएफ ने घटना स्थल से 30 मीटर की दूरी पर मिला।
मिली जानकारी के अनुसार पाटन ब्लॉक के ग्राम जमराव स्थित एनिकट में रायपुर से 6 दोस्त सैर सपाटे के लिए पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे खाना खाने के बाद यशवंत हरपाल (16) और आशीष सरोज (16) नहाने के लिए नदी में उतर गए। इस दौरान पानी का बहाव तेज होने से दोनों बहने लगे। साथ आए बाकी दोस्तों ने शोर मचाकर मदद मांगी।
घटना की सूचना के बाद जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशानुसार दुर्ग एसडीआरएफ की टीम ग्राम जमराव एनिकट पहुंची। घटनास्थल पहुंचकर डीप डाइविंग अनुभवी जवान इंद्रपाल यादव, राजकुमार यादव, नरोत्तम चंदेल दो घंटे तक डीप डाइविंग कर एक किशोर का शव बरामद किया। मृतक की पहचान यशवंत हरपाल (16) के रूप में हुई। वहीं दूसरे किशोर आशीष साहू (16) का कुछ पता नहीं चला। रात ज्यादा होने के कारण एसडीआरएफ ने रेस्क्यू रोक दिया। गुरुवार की सुबह फिर से एसडीआरएफ की टीम ने फिर से खोजबीन शुरू की। एसडीआरएफ ने गुरुवार की सुबह आशीष साहू (16) का शव घटना स्थल से करीब 30 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया। दोनों के शवों को पुलिस के सुपूर्द कर दिया गया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना बुधवार शाम 4:30 बजे की है। सूचना के बाद लगभग 5:30 बजे एसडीआरएफ की टीम पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। देर शाम तक एक किशोर का शव बरामद किया गया वहीं दूसरे किशोर का शव गुरुवार की सुबह बरामद किया गया। बहाव के कारण भंवर बन गया था और दोनों किशोर भंवर की चपेट में आ गए जिससे दोनों की मौत हो गई। दोनों किशोर के शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं।