बीजापुर। नक्सलियों के खिलाफ बीजापुर-तेंलगाना सीमा पर सुरक्षाबलों के ऑपरेशन के बीच आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल हो गया है। गलगम के जंगल में DRG का एक जवान नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए IED की चपेट में आ गया। आईडी ब्लास्ट में जवान के पैरों में गंभीर चोट आई है. घायल जवान को तत्काल गलगम CRPF कैंप में प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से बीजापुर अस्पताल भेजा गया।

बता दें, उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोतापल्ली गांव के कर्रेगुट्टा पहाड़ी में लगातार 5 दिनों से सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। यह देशभर में अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है, जिसमें 10 से 12 हजार जवानों ने बड़े कैडर के नक्सली लीडरों समेत 1500 नक्सलियों को पहाड़ी एरिया में घेर रखा है। सुरक्षा बल के जवान अब नक्सलवाद के खिलाफ अंतिम लड़ाई लड़ रहे हैं। मुठभेड़ में अब तक जवानों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें से 3 के शव समेत हथियार बरामद हुए हैं। पांच दिनों से यहां कार्रवाई जारी है और जवान नक्सलियों के करीब पहुंच रहे हैं।
