बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के भाटापारा विधानसभा के कांग्रेस विधायक इंद्र साव की सुरक्षा में तैनात पीएसओ ने खुदकुशी कर ली। पीएसओ ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही इसकी जानकारी लगी हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा शहर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाटापारा विधायक इंद्र साव के घर के सामने ही उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ डिगेश्वर गागड़ा का सरकारी निवास है। रविवार दोपहर उसने छत पर चढ़कर अपने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। इसकी जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया और भाटापारा शहर पुलिस को जानकारी दी गई। आत्महत्या करने के पीछे क्या कारण है यह पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
