सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में महाशिवरात्रि के दिन बड़ा हादसा हो गया। यहां एक परिवार शिवमंदिर से पूजा कर लौट रहा था। रास्ते में इनकी बोलेरो को कंटेनर ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसें में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कंटेनर में आग लगा दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस की टीम ने पहुंचकर कंटेनर की आग को बुझाया।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार दोपहर लगभग 12:30 बजे के आसपास की है। नेशनल हाईवे-43 पर विशुनपुर गांव के प्लांट के पास बोलेरो व कंटेनर में जोरदार टक्कर हो गई। बोलेरो में रेवापुर-सखौली निवासी एक परिवार बोलेरो क्रमांक CG 15 ED 7078 में सवार होकर 11 लोग महाशिवरात्रि पर सीतापुर के किलकिला शिव मंदिर गए थे। सुबह दर्शन कर अपने घर रेवापुर-सखौली लौट रहे थे। इस दौरान यह हादसा हो गया।
हादसा इतना जोरदार था कि परिवार के लोग बोलेरो में फंस गए। इन्हें कड़ी मशक्कत कर निकाला गया। हादसा जहां हुआ वह दुर्घटनाजन्य क्षेत्र कहा जाता है। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीतापुर सीएचसी अस्पताल भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी घायल है। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कंटेनर में आग लगा दी जिसे पुलिस कर्मियों ने बुझाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख
हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बोलेरो-कंटेनर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। हादसे में 6 लोगों के आंशिक रूप से घायल होने की भी खबर है। सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।