भिलाई। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए एक लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दो बदमाशों ने एक शख्स को सस्ता होटल दिखाने के नाम पर पहले तो पूरा शहर घुमाया और उसके बाद सूने जगह पर ले जाकर लूट का प्रयास किया। शख्स किसी तरह वहां से भागा लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उससे सोने की चेन व ट्रॉली बैग लूट कर ले गए। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते दोनों बदमाशों के साथ सोने की चेन खरीदने वाले शख्स को भी गिरफ्तार किया।
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 21 जनवरी की है। बैंक कालोनी बचेली थाना बचेली जिला दंतेवाडा के रहने वाले संतोष कुमार (54) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि कुछ माह पहले एम्स में उसके हिप्स का ऑपरेशन हुआ। हर माह जांच के लिए वह एम्स आता है। 20 जनवरी को एम्स में जांच के बाद भिलाई में हुडको अपने एक दोस्त से मिलने पहुंचा। इसके बाद रात को दुर्ग के सूर्या होटल में रुका। दूसरे 21 जनवरी की सुबह सूर्या होटल छोड़ा और सड़क पर गाड़ी का इंतजार करना शुरू किया।


संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि सड़क पर एक ई-रिक्शा आकर रुकी जिसमें दो लोग सवार थे। इसके बाद ई-रिक्शा चालक से किसी सस्ते होटल में ले जाने कहा तो वह शहर के कई होटल में ले गया। कोई भी होटल पसंद नहीं आने पर उसे फिर से सूर्या होटल छोड़ने कहा। इस दौरान नाम पूछने पर ई-रिक्शा चालक ने उसके साथी ने अपना नाम रेशम सरदार व बाटू देवार बता रहे थे। दोनों प्रार्थी को सूर्या होटल की बजाय किसी सुनसान क्षेत्र में ले जा रहे थे। यह देख संतोष कुमार ई-रिक्शा से कूछकर भागने लगा। इसके बाद दोनों ने ई-रिक्शा से पीछा किया और रास्ता रोककर उसकी सोने की चेन व ट्रॉली बैग लूट ली। सोने की चेन लगभग तीन तोले से ज्यादा की थी।

प्रार्थी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना स्थल के आसपास के सीसी टीवी फुटेज चेक किया गया और जिससे आरोपियों का सुराग मिला। पुलिस ने इस मामले में पता साजी कर आरोपी रेशम सरदार, बाडू देवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। लूटी गई सोने की चेन बलजीत सिंह नाम के व्यक्ति के पास बेचना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर बलजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया और लूटी गई चेन बरामद की गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन नगर शिव चंद्रा एवं समस्त मोहन नगर थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।