नई दिल्ली ए.। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के मुद्दे पर गुरुवार को संसद परिसर में हंगामा हुआ। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों दलों के सांसदों के बीच मकर द्वार पर धक्कामुक्की हुई जिसमें भाजपा सांसद प्रताप सारंगी के सिर में चोट लगी है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सांसद सारंगी ने राहुल गांधी पर धक्का मारने का आरोप लगाया है।

बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर कांग्रेस ने संसद भवन परिसर में मार्च निकाला। इसके जवाब में भाजपा ने कांग्रेस पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। संसद भवन के मकर द्वार पर दोनों दलों के सांसद आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस बीच भाजपा सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए। उन्होंने कहा कि वे सीढ़ियों के पास खड़े थे तभी द राहुल गांधी आए और एक सांसद को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिर गए। इससे उन्हें चोट लगी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इधर इस मामले में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि मैं संसद के प्रवेश द्वार से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, भाजपा सांसद मुझे रोकने, धक्का देने और धमकाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए यह हुआ। हां, ऐसा हुआ है। मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का दिया गया। प्रियंका गांधी को भी धक्का दिया गया। भाजपा सांसद हमें अंदर जाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे।