छठी कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार, भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर हुआ हादसा
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। रविवार आधीरात के बाद छठी कार्यक्रम से लौट रहे लोगों की कार व सामने से आ रही ट्रक में भिड़त हो गई। हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और वहीं 7 लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
मिली जानकारी के मुताबिक पूरा घटना डौंडी थाना इलाके में भानुप्रतापपुर-दल्ली राजहरा मार्ग की है। डौंडी का रहने वाला कुंभकार परिवार छठी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर गुरेदा लौट रहे थे। भानुप्रतापपुर, दल्ली राजहरा मार्ग पर इनकी एसयूवी की टक्कर सामने से आ रही ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के पराखच्चे उड़ गए। हादसा रविवार आधी रात के बाद लगभग डेढ़ से दो बजे के आसपास की है। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई थी। आसपास के ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। आधी रात होने के बाद भी पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से निकाले शव
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। टक्कर के कारण कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया और चालक सहित सभी सवार उसमें दब गए। कार में कुल 13 लोग सवार थे। कड़ी मशक्कत के बाद कार सवारों को बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात लोगों को गंभीर हालत में राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अशोक जोशी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है जिसकी तलाश की जा रही है। फिल हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

हादसे में इनकी हुई मौत, यह हैं घायल
दुर्पत प्रजापति (30), ग्राम गुरेदा, गुंडरदेही, सुमित्रा बाई कुम्भकार (50) ग्राम घोराड़ी, महासमुंद, मनीषा कुम्भकार (35) घोराड़ी, महासमुंद, जिग्नेश कुम्भकार (7) ग्राम गुरेदा, गुंडरदेही, सगुन बाई कुंभकार (50), ग्राम कुम्हारपारा, कवर्धा व ईमला बाई सिन्हा (55) ग्राम गुरेदा, गुंडरदेही की मौत हो गई। वहीं झमित कुमार (7), गुरेदा, गुंडरदेही, बिंदेश्वरी बाई (35), ग्राम गुरेदा, गुंडरदेही, रुखमणी बाई (60) भरेंगांव, गुंडरदेही, युवराम साहू (30) सिकोसा, गुंडरदेही, रम्भा बाई, ईश्वरी बाई (61), ग्राम गुरेदा, गुंडरदेही व कुमारी बाई (55), भरेगांव, गुंडरदेही गंभीर रूप से घायल हैं।