रायपुर। राजधानी रायपुर में कार एसेसरीज का कारोबार करने वाले व्यापारी ने पत्नी को चाकू मारने के बाद घर में आग लगा दी। आगजनी से घर पर रखा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया जिससे व्यापारी की मौत हो गई है। व्यापारी को बचने गए पड़ोसी व पुलिस कर्मी भी इसमें घायल हुए हैं। वहीं पत्नी को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी स्थित रामेश्वर नगर का है। शुक्रवार दंर रात लगभग 11 बजे खमतराई थाना पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना मिली कि रामेश्वर नगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला करने के बाद घर में आग लगा दी। पत्नी किसी तरह जान बचाकर अपने बच्चे के साथ पड़ोसी के घर में छिप गई। इधर आगजनी के कारण घर का सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और आग फैल गई।
सूचना के बाद मौके पर गई पेट्रोलिंग टीम ने खमतराई थाने को भी सूचना दी। इसके बाद पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। आगजनी में घर का सारा सामान व बाहर रखी गाड़ियां जल गई। आग में झुलसने से व्यापारी बी अमरेश्वर राव (45) की मौत हो गई। वहीं उसे बचाने के चक्कर में तेज आग की लपटों में दो सिपाही हेमंत गिलहरे और विकास सिंह भी चोटिल हो गए। इसके अलावा दो पड़ोसी विक्रम ठाकुर और चेतन दास भी घायल हो गए।
कारोबार में नुकसान से परेशान था अमरेश्वर
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि अमरेश्वर राव मूल रूप से महेंद्रगढ़ का रहने वाला था। उसकी रायपुर में कार एसेसीरीज की दुकान थी। कारोबार में नुकसान के कारण दुकान बंद हो गई। शुक्रवार को देर रात पति पत्नी के बीच विवाद हुआ । विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी संध्या के गले में चाकू से हमला कर दिया। महिला बेटी को लेकर पड़ोसी के यहां चली गई और इस बीच अमरेश्वर ने घर पर आग लगा दी। इसी आग से सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और आग भड़क गई। इसी आग में बुरी तरह झुलसने के कारण अमरेश्वर की मौत हो गई। फिलहाल खतराई पुलिस घटना की जांच कर रही है।