अंबिकापुर। अंधविश्वास के चलते आज भी कई लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। एक ऐसा ही वाकया अंबिकापुर के मैनपाट ब्लॉक के ग्राम सुपलगा से सामने आया है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आए एक युवक को उसके परिजनों ने घंटों गोबर के गड्ढे में गाड़कर रखा। वह तो ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचित कर दिया, अन्यथा गड्ढे में ही युवक की जान चली जाती। फिलहाल गम्भीर रूप से झुलसे युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है।

जानकारियों के मुताबिक, ग्राम सुपलगा के युवक पर मंगलवार को अचानक बिजली गिर गई। परिजनों को पता चला तो अंधविश्वास के चलते तत्काल गड्ढा खोदकर उसमें गोबर भरा गया और गम्भीर रूप से झुलसे युवक को उसमें गाड़ दिया गया। बताया जाता है कि गड्ढे में युवक कई घंटे तक पड़ा रहा और बेहोश हो गया। युवक का नाम बनवारी मझवार बताया गया है। गांव के किसी शख्स ने युवक की हालत को देख कर 108 एंबुलेंस को फोन किया। शख्स की पहल पर युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया। आकाशीय बिजली से झुलसे युवक की हालत अभी भी गंभीर बताई गई है।
छुई खदान धंसने से दो ग्रामीणों की मौत
इधर, एक अन्य घटना में लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदरा में छुई खदान धंसने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। मृतक हीरामन यादव व गांव का ही शिवा यादव बुधवार सुबह बस्ती से एक किलोमीटर दूर बिजोरा नाला के पास छुई मिट्टी लेने गए थे। छुई निकालने के दौरान मलबा उनके ऊपर आ गिरा। मलबे में दबने से दोनों ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर कुन्नी पुलिस चौकी के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। गौरतलब है कि दीपावली से पहले घरों की पोताई के लिए इस मिट्टी का उपयोग होता है।