कोरबा। शिकार के लिए जंगल में करंट का जाल बिछाना शिकारी के लिए भारी पड़ गया। अपने ही बिछाए जाल में शिकारी खुद ही फंस गया। चौंकाने वाला यह मामला कोरबा जिले का है। जिले के गोढ़ी जंगल में जंगली सुअर व अन्य जानवरों का शिकार करने शिकारी ने 11 केवी का जाल बिछाया और खुद ही उसकी चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना के बाद वन विभाग की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह लगभग 9 बजे कुछ ग्रामीण गोढ़ी जंगल में पुटु तोड़ने गए थे। इस दौरान उनकी नजर बिजली के तार से पास लाश पर पड़ी। यह देख ग्रामीण डर गए और वहां से निकलकर इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी। सरपंच ने घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिसने पहले शव की शिनाख्त कराई। शव की शिनाख्त गोढ़ी निवासी रामलाल कंवर के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि रामलाल कंवर गांव के अन्य लोगों के साथ जंगली सुअर का शिकार करने गया हुआ था। शिकार करने के लिए जंगल से गुजरे 11 केवी लाइन से जंगल में जाल बिछाया। इस दौरान वह खुद ही इसकी चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद उसके साथ गए अन्य लोग वहां से भाग गए। पुलिस ने बताया कि रामलाल शादीशुदा था और उसकी उसकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। वह इंडस्ट्रियल एरिया के दाना फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
