रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम छरछेद में हुए जघन्य हत्याकांड पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों को 10 लाख रुपए की सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार शाम को वीडियो कालिंग के जरिए घटना में मृतक चैतराम केंवट के बड़े भाई भुवनेश्वर केंवट एवं माता मोंगरा बाई केंवट से बातचीत की और ढाढस बंधाते हुए कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। इस दुःख की घड़ी में हम आपके साथ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार के दर्द को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। मेरी संवेदनाएं आपके साथ है। इस जघन्य हत्याकांड के अपराधियों को कठोर सजा दिलाने के लिए हमारी सरकार संकल्पित है।
जानिए क्या था मामला
यह घटना 12 सितंबर की है। थाना कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छरछेद जादू टोना के शक में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना पर थाना कसडोल का पुलिस बल तत्काल घटना स्थल पर पहुंचा। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस घटना में चेतराम पिता राम लाल (उम्र 45 साल), जमुना बाई केवट , जमुना बाई का छोटा बच्चा व यशोदा बाई केवट की मौत हो गई। घटना के बाद सीएम साय ने परिवार के लोगों से बात की और उनकी सहायता के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है।