कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिल दहला देने वाला हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी का गला तीर से रेत दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद हुआ और इतना बढ़ गया कि पति ने आक्रोशित होकर पत्नी की हत्या कर दी। यही नहीं घटना के बाद पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घरवालों ने कमरे में महिला की रक्तरंजित लाश देखी और शख्स को फंदे पर झूलता देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। यह पूरा मामला कोरबा जिले के श्यांग थानांतर्गत ग्राम ठेंगरीमार की है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम ठेंगरीमार निवासी जगन्नाथ मंझवार (37) अपनी पत्नी संतोषी बाई (35), बूढ़ी मां इतवारो बाई व 12 वर्षीय पुत्र के साथ रहता है। मंगलवार की सुबह परिवार के सभी सदस्य घर पर ही थे। इस बीच किसी बात को लेकर जगन्नाथ मंझवार का उसकी पत्नी संतोषी बाई के साथ विवाद शुरू हो गया। दोनों के विवाद के बीच बूढ़ी मां व बेटे ने बीच बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। वे पति-पत्नी को लड़ते झगड़ते छोड़ घर से बाहर चले गए।

कुछ देर बाद मामला शांत होने के बाद इतवारो बाई अपने पोते के साथ घर के अंदर पहुंची तो नजारा देख उसके होश उड़ गए। जमीन पर उसकी बहू संतोषी बाई की रंक्त रंजित लाश पड़ी थी और उसका बेटा फंदे पर लटका हुआ था। कुछ ही देर में पूरी खबर गांव में फैल गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर जांच के दौरान पुलिस को मकान के पीछे तीन कमान मिला, जो खून से सना हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि युवक ने तीर से ही पत्नी की गला रेत कर हत्या की होगी। इसके बाद टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जरूरी सैंपल लिए हैं। पुलिस को यह भी पता चला कि घटना की जानकारी होने पर मृतक का भाई जागेश्वर मौके पर पहुंचा और उसने अपनी भाभी के गले में लगे तीर को निकालकर मकान के पीछे फेंकना बताया। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
