भिलाई। नगर पालिक निगम ने गणपति विसर्जन के लिए शहर में कुछ तालाब निर्धारित किए है। निगम आयुक्त देवेश ध्रुव ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किया है। आयुक्त ने कहा है कि मूर्ति विसर्जन से जल स्त्रोतो की गुणवत्ता प्रभावित होती है। जिसके कारण जलीय जीव-जन्तुओ के जान को खतरा होता है, जिससे जल प्रदुषित होता है। केन्द्रीय प्रदुषण बोर्ड द्वारा जारी आदेशानुसार मूर्ति विसर्जन क्षेत्र के चिन्हित तालाबो में बनाए गए पाॅड पर ही विसर्जन करें। जिससे जल प्रदुषण को रोका जा सके और जलीय जीव जन्तुओ को भी बचाया जा सके।
बता दें छत्तीसगढ़ शासन आवास एवं पर्यावरण विभाग मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर द्वारा मूर्ति विसर्जन हेतु दिशा निर्देश जारी किया गया है। शासन के आदेश का पालन करते हुए नगर निगम भिलाई द्वारा सभी जोन क्षेत्र के तालाबों में मूर्ति विसर्जन के लिए अस्थाई पॉड का निर्माण किया गया है। जहां भी गणपति बप्पा विराजे हैं उन समितियों को निगम क्षेत्र के चिह्नित तालाबों में बनाये गए अस्थाई पॉड में ही मूर्ति विसर्जित करना है। प्रायः यह देखा जाता है कि श्रद्वालुओ द्वारा मूर्ति विसर्जन के दौरान स्वयं पानी के गहराई में चले जाते है जिससे उनके जान को खतरा बना रहता है। इस हेतु निगम के वार्ड सुपरवाईजरो की डयूटी लगाई गई है। ताकि मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
इन तालाबों में होगा मूर्ति विसर्जन
निगम भिलाई अलग अलग वार्डों में मूर्ति विसर्जन के लिए तालाब निर्धारित किए हैं। जोन क्रमांक 1 में वार्ड 01 खम्हरिया आमाबंध तालाब, खम्हरिया शीतला तालाब, जुनवानी शीतला तालाब, वार्ड 07 राधिका नगर आमा तालाब, वार्ड 11 फरीद नगर लिम्हा तालाब व वार्ड 13 आर्यनगर शीतला तालाब चिह्नांकित है। जोन-02 में वार्ड 16 शीतला तालाब सुपेला, वार्ड 22 कुरूद नकटा तालाब, शीतला तालाब, वार्ड 26 रामनगर मुक्तिधाम तालाब निर्धारित है। इसी प्रकार जोन-03 में केम्प 02 तालाब, जोन-04 में वार्ड 40 छावनी दर्री तालाब और जोन 5 में वार्ड 65 सेक्टर 07 शिवधाम तालाब व वार्ड 70 हुड़को तालाब को निर्धारित किया गया है।
इन तालाबो में नहीं होगा मूर्ति विसर्जन
जिन तालाबों में मूर्ति विसर्जन प्रतिबंधित किया गया है उनमें वार्ड 02 स्मृति नगर तालाब थाना के सामने, वार्ड 04 नेहरू नगर भेलवा तालाब, वार्ड 06 संजय नगर तालाब, वार्ड 13 साकेत नगर भेलवा तालाब, वार्ड 13 हरी तालाब एवं बंधन तालाब, वार्ड 25 सूर्यकुण्ड हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर 02 तालाब, वार्ड 50 बाबा बालकनाथ मंदर, वार्ड 41 छावनी लक्ष्मण नगर तालाब और वार्ड 13 बापू सरोवर शामिल हैं। नगर निगम भिलाई के महपौर नीरज पाल एवं आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने सभी श्रद्वालुओं से अपील करते हुए कहा है कि सभी जोन में गणेश प्रतिमा विसर्जन हेतु तालाब निर्धारित किया गया है। वही पर अस्थाई विसर्जन कुण्ड भी बना है, गणेश प्रतिमा का विसर्जन वहीं पर सावधानी पूर्वक करें।