महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में किसान की आत्महत्या ने सनसनी फैला दी है। किसान का शव रविवार को पेड़ पर फंदे से लटकता मिला है। सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें पुलिस पर केस रफा-दफा करने के नाम पर एक लाख की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में पुलिस द्वारा पिटाई की बात भी लिखी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार लाफिनकला गांव के राजाराम निषाद (42) का शव पेड़ पर लटकता मिला है। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में फिंगेश्वर पुलिस पर चोरी के एक मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का जिक्र किया गया। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर एक बार सवालिया निशान लगे हैं।
यह है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि महासमुंद के लचकेरा गांव निवासी दशरथ सिन्हा के घर 20 नवम्बर 2023 को चोरी हुई थी। दशरथ सिन्हा के बेटे ने चोरी का आरोप राजाराम निषाद पर लगाया। इसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने राजाराम को पूछताछ के लिए बुलाया। इसके बाद से ही राजाराम परेशान रहने लगा था। राजाराम के परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के नाम पर पुलिस ने राजाराम से मारपीट की। राजाराम लगातार पुलिस से कह रहा था कि उसने चोरी नहीं की है। परिजनों का आरोप है कि झूठे मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पुलिस ने एक लाख की रिश्वत मांगी। इसी वजह से राजाराम ने आत्महत्या कर ली।





