धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की कुरूद विधानसभा में मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आमसभा ली। प्रचार के लिए पहुंची प्रियंका गांधी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने आमसभा को संबोधित कर जिले की तीनों विधानसभा कुरूद, सिहावा और धमतरी के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान का पैसा भूपेश सरकार देती है। केन्द्र की मोदी सरकार को अड़ानी व अंबानी चला रहे हैं।
आमसभा में प्रियंका गांधी ने सर्वप्रथम कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में बताया आगे उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है प्रदेश में किसानों से जितने मूल्यों में धान खरीदी की जा रही है उतना अन्य किसी प्रदेश में नही मिल रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तरप्रदेश में जहां भाजपा की सरकार है वहां आज भी 1200-1400 रुपये में धान खरीदा जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म जाती के आधार पर चुनाव नहीं लड़ती है, कांग्रेस की विचारधारा सबको साथ लेकर चलने की है, धर्म को लेकर दंगा फसाद होने से किसी भी नेता को नुकसान नहीं होता है नुकसान होता है तो बस आम लोगों को, किसानों को, नेता को कुछ नहीं होता।
प्रियंका गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास, उन्नति, सबसे ज्यादा दर में धान खरीदी के नाम से जाना जाता। छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे काम है। उन्होंने आगे कहा कि केन्द्र सरकार को अदाणी और अंबानी चला रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि अदाणी और अंबानी कुछ बनाते नहीं ये दोनों सिर्फ देश की संपत्ति को लूटने का काम कर रहे हैं। देश का विकास छोड़कर पीएम मोदी लाखों करोडों रूपये सिर्फ फालतू कामों पर खर्च कर रहे है। वहीं प्रियंका ने दावा किया की छत्तीसगढ में खेती करने वालों की संख्या बढ़ रही है,जबकि देश के दूसरे राज्यों में किसान खेती नहीं करना चाहते हैं।