नईदिल्ली। नेपाल में शुक्रवार देर रात भूकंप के तेज झाटकों ने भारी तबाही मचाई है। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.4 आंकी गई है। भूकंप के कारण नेपाल में कई इमारते ढह गई और अब तक 128 लोगों की मौत की खबर है। कई लोग घायल हुए हैं और कई लोग मलबों में दबे हुए हैं। नेपाल में आए भूकंप का भारत में दिखा। दिल्ली एनसीआर से लेकर उत्तर भारत व भोपाल तक धरती कांपी। देर रात लोग घरों से बाहर निकल गए।
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप मापन केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में 10 किमी की गहराई पर था। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने भूकंप से हुई मानवीय और भौतिक क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया। तत्काल बचाव और राहत के लिए तीन सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया। भूकंप के कारण रुकुम पश्चिम में 36 लोगों की मौत हो गई। वहीं जाजरकोट में 92 लोगों की मौत हुई है। अफसरों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।

दिल्ली-एनसीआर व भोपाल तक असर
नेपाल में भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसका असर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में देखा गया। बिहार के पटना और मध्य प्रदेश के भोपाल में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके करीब 20 सेकेंड तक महसूस किये गये। भूकंप का केंद्र नेपाल बताया जा रहा है। भूकंप के तेज झटकों के कारण लोगों में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों का कहना है कि उन्होंने काफी देर तक झटके महसूस किए।
