जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में गुरुवार को नहर में एक युवक का शव मिला। नहर में शव देखने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक युवक की पहचान अभय धनवार (32) के रूप में हुई। तीन दिन पहले युवक हसदेव नदी में डूब गया था जिसका शव गुरुवार को मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह गांव जर्वे के कोटवार ने पुलिस को सूचना दी कि नहर के अंदर पुलिया के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और नहर से शव को बाहर निकाला। शव की पहचान के लिए बलौदा थाना पुलिस ने कोरबा पुलिस से संपर्क किया। इस दौरान मृतक युवक की पहचान अभय धनवार पुत्र मंगलू उके रूप में की गई। युवक 23 अक्टूबर को घर से सर्वमंगला मंदिर दर्शन करने की बात कहा कर निकला हुआ था। हसदेव नदी में पैर धोने के लिए उतरा और पैर फिसलने के बाद नदी के तेज बहाव में डूब गया था, जिसे खोजने के लिए चौकी स्टाफ के द्वारा गोताखोर की मदद ली गई, लेकिन वह नहीं मिला। तीन दिन बाद युवक का शव नहर से बरामद हुआ है।