मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार को अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता की हत्या कर दी। बदमाशों ने शुक्रवार देर शाम भाजपा नेता के घर में घुसकर गोली मारी और फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। घटना को नक्सली एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। मामला औंधी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार औंधी थाना क्षेत्र के सरखेड़ा में शुक्रवार देर शाम कुछ अज्ञात बदमाश सरखेड़ा निवासी भाजपा नेता बिरजू तारम के घर पहुंचे। घर में घुसकर बदमाशों ने बिरजू तारम की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना को किसने अंजाम दिया इसकी जांच की जा रही है। वहीं पुलिस मामले को नक्सली एंगल से भी देख रही है। मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।
विधानसभा चुनाव 2023 आदर्श आचार संहिता लगी हुई है और ऐसे समय में भाजपा नेता की हत्या से राजनीति भी गर्म है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इसे टारगेट किलिंग कहा है। कार्यकर्ताओं शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे। इस तरह से भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या से हम डरने वाले नहीं हैं। वहीं पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा है कि मोहला-मानपुर के आदिवासी भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या कर एक बार फिर भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है। मैं शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि हत्या का हिसाब लिया जाएगा।
