भिलाई। शहर में इन दिनों नवरात्रि उत्सव की धूम है। माता रानी की भक्ति में पूरी इस्पात नगरी मगन है। शहर में जगह जगह भव्य पंडालों में माता रानी विराजमान है। झांकियों के साथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। शहर के भव्य पंडालों की जब बात आती है तो पावर हाउस लाल मैदान का नाम सबसे ऊपर रखा जाता है। भिलाई शहर की सबसे पुरानी समिति द्वारा हर साल कुछ अलग किया जाता है। इस वर्ष भी लाल मैदान में सुभाष नवयुवक जागृति समिति द्वारा अलग ही थीम पर पंडाल बनाया गया।

इस बार लाल मैदान में समिति द्वारा शहीदों के सम्मान में पंडाल को समर्पित किया है। 120 फीट लंबे व 80 फीट चौडे इस भव्य पंडाल को 60 कलाकारों ने दिन रात मेहनत कर 90 दिन में तैयार किया है। पंडाल में देश की आज़ादी केअमृतकाल को दर्शाया गया गया है। देश के वीर शहीदों को ध्यान में रखते हुए मेरा भारत महान की थीम पर पंडाल बनाया गया है। पंडाल में प्रवेश करते ही मन देशभक्ति से परिपूर्ण हो जाता है। वीर शहीदों की शहादत को याद दिलाती चलित झांकियां लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।
दर्शनों के लिए लोगों की लग रही भीड़
लाल मैदान में विराजी माता रानी के दर्शनों के लिए रोजाना लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वीर शहीदों की चलित झांकियां देखने के बाद हर कोई इसकी सराहना कर रहा है। दर्शनों के साथ यहां लोगों के मनोरंजन का भी भरपूर ध्यान रखा गया है। तरह तरह के फुड स्टॉल व अन्य स्टॉल आकर्षित करते हैं। नवरात्रि के इस महाउत्सव में लोगों को शाम के समय घूमने के साथ ही माता रानी के दर्शनों का भी सौभाग्य मिल रहा है।
