मुंबई। महाराष्ट्र के गोरोगांव की एक सोसाइटी में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। सोसायटी की बिल्डिंग में लगी आग के कारण 7 लोगों की मौत हो गई और 51 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में भी कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दमकल विभाग को आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे लगे। आग बुझाने के अभियान में दमकल की आठ गाड़ियों का इस्तेमाल करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार गोरेगांव पश्चिम में स्थित सात मंजिला जय भवानी भवन में आज तड़के तीन बजे लगी। इस आग में 46 लोग लोग बुरी तरह घायल हुए, जिनमें सात की जान चली गई। वहीं 39 लोगों का कूप और एचबीटी अस्पताल में इलाज जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि दो बच्चों और दो महिलाओं सहित 7 लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। आग ग्राउंड फ्लोर की दुकानों, स्क्रैप सामग्री, पार्क किए गए वाहनों में लगी थी। इसकी वजह से लोग बिल्डिंग में ही फंसे रहे।
