कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहां के रानीदहरा जलप्रपात पिकनिक मनाने गए दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों यहां वाटर फॉल के पास घूमने गए थे और नहाने के दौरान गहराई में चले गए। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को बाहर निकलवाया। मृतकों की पहचान राहुल ठाकुर पिता ललित ठाकुर (25) व शुभम झरिया पिता अशोक झरिया (25) के रूप में हुई है। मामला बोड़ला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम की है। कवर्धा के रहने वाले अजीत कुंभकार अपने साथियों के साथ रानी दहरा वाटरफॉल पिकनिक मनाने गए थे। पिकनिक के दौरान सभी नहाने लगे। इस दौरान राहुल ठाकुर व शुभम झरिया गहराई में चले गए। इसके बाद दोनों डूबने लगे। यह हादसा लगभग 4:30 बजे की है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और दोनों की तलाश शुरू की गई। रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया था।
बोड़ला थाना प्रभारी चुरेंद्र ने बताया कि सभी युवक स्कार्पियो वाहन से पिकनिक मनाने रानीदरहा जलप्रपात में पहुंचे थे। जलप्रपात किनारे में खाना खाकर, कुछ साथी जलप्रपात के पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान दो युवक नहाते समय जलप्रपात के पानी में डूब गए। उनके साथियों द्वारा गमछा शर्ट का रस्सी बनकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं बचा पाए। रविवार को सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तब दोनों युवक के शव बरामद किए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
