भिलाई। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा आलाकमान ने प्रवासी विधायकों की फौज भजी है। 90 विधानसभा क्षेत्रों में यह विधायक दौरा कर रहे हैं और चुनाव की तैयारियों का फीडबैक तैयार कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार के मधुबनी से विधायक अरुण शंकर प्रसाद और चंपारण जिले के चनपटिया से विधायक उमाकांत सिंह ने क्रमश: वैशाली नगर व भिलाई नगर विधानसभाओं का दौरा किया। बीते 8 दिनों से दोनों विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद मंगलवार को भाजपा कार्यालय प्रियदर्शिनी परिसर में प्रेसवार्ता ली।
विधानसभा चुनाव में विकास के मुद्दे पर भाजपा विधायक ने चुप्पी साध ली। वैशाली नगर का दौरा करने वाले मधुबनी के विधायक अरुण शंकर प्रसाद यह भी बता नहीं पाए कि वहां की मूलभूत समस्याएं क्या है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जो चंद सड़के बनी उसका गुनगान करने लगे। यहां भी विधायक अरुण शंकर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 36 वादें किए थे लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि वैशाली नगर भाजपा की परंपरागत सीट है और इस बार यहां पर भाजपा का वोट परसेंटेज और भी बढ़ेगा।
इस दौरान पेट्रेल डीजल पर जीएसटी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा दिया जाने वाला रटा रटाया जवाब दिया। विधायक अरुण शंकर ने कहा कि कई राज्यों के मुख्यमंत्री नहीं चाहते की पेट्रोल डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए। इसके बाद भी जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है वहां पर स्थानीय टैक्स में कटौती कर राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वैशाली नगर ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ में भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

भिलाई नगर में नहीं है कोई मुद्दा
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चनपटिया के विधायक उमाकांत सिंह ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने का दावा किया। पिछल 8 दिनों से भिलाई नगर का दौरा कर रहे विधायक उमाकांत सिंह को बीएसपी के कर्मचारियों का अटका एरियर्स का मुद्दा दिखा। वहीं इसके अलावा उन्हे भिलाई में कुछ भी नहीं मिला। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने वर्तमान विधायक देवेन्द्र यादव पर तंज कसते दिखे लेकिन वे ऐसी एक भी बात नहीं बता पाए जो वास्तविक चुनावी मुद्दा कहा जा सके।
विधायक उमाकांत सिंह भी छत्तीसगढ़ सरकार के घोटाले गिनाने लगे। इस बीच एक सवाल के जवाब में केन्द्र की मोदी सरकार का गुणगान करने लगे। सीएम फेस को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी राज्य में सीएम का चेहरा लेकर चुनाव नहीं लड़ती बल्कि चुनाव जीतने के बाद यह तय होता है कि किसे सीएम बनाया जाना चाहिए। महंगाई व गैस सिलेण्डर के दाम व सब्सिडी को लेकर पूछे सवाल भी विधायक गोल-मोल जवाब देने लगे। अंत में उन्होंने यही कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।