बुडापेस्ट (हंगरी) । भारत के स्टार जेवलीन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार इतिहास रच दिया है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज ने खिताब पर कब्जा किया। फाइनल में नीरज चोपड़ा ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराकर चैंपियनशिप जीता। उन्होंने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा।
2022 ओलंपिक में स्वर्ण जीतने वाले इस खिलाड़ी ने अब विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी सोना जीत लिया है। नीरज ने हंगरी के बुडापेस्ट में रविवार (27 अगस्त) को जेवलिन थ्रो इवेंट में कमाल कर दिया। नीरज चोपड़ा ने जहां 88.17 मीटर का थ्रो किया। वहीं पाकिस्तानी खिलाड़ी अरशद नदीम ने 87.82 मीटर की दूरी तय की। चेक गणराज्य के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।
नीरज ने मैच के बाद अपने खास अंदाज से फैंस का दिल एक बार फिर से जीत लिया। उन्होंने मैच की कड़वाहट को भुलाकर फोटो के लिए अरशद नदीम को बुलाया। उनसे हाथ मिलाया और गले लगाया। इसके बाद पोडियम पर साथ खड़े हुए। इस दौरान चेक गणराज्य के जाकुब वेदलेच भी वहां मौजूद रहे।





