जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शुक्रवार को नरकंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। शहर से 12 किलोमीटर दूर माता रूक्मणी आश्रम के पीछे जंगल में यह नर कंकाल मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ ही फोरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची और कंकाल को एक बोरे में भरवाकर मेकाज में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह माता रूक्मणी आश्रम के पीछे बन रहे गौ शाला के पास बने जंगल में एक नरकंकाल आश्रम के लोगों ने देखा। नर कंकाल मिलने की जानकारी लगते ही आश्रम से लेकर आसपास के लोग मौके पर आ पहुंचे। जानकारी मिलते ही एसएसपी निवेदिता पॉल के साथ ही फोरेंसिक की टीम भी मौके पर आ पहुंची।
शुरुआती जांच के बाद एसडीओपी ऐश्वर्य चंद्राकर ने बताया कंकाल एक वर्ष पुराना हो सकता है। कंकाल का डीएनए कराया जाएगा और साथ ही आसपास के मिशिंग कंप्लेन की भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि कंकाल पुरुष का है या महिला का। फोरेंसिक जांच के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा।