मृतकों में कैलाश नगर भिलाई की महिला व बजरंग पारा भिलाई-3 का पुरुष शामिल
भिलाई। पश्चिम बंगाल के झारग्राम में सोमवार की शाम को बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में भिलाई निवासी दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दिलीप परिसर कैलाश नगर निवासी महिला नमिता गुहा व बजरंग पारा भिलाई-3 निवासी विनय यादव शामिल हैं। बाबा धाम से वापस लौटते समय तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से ठोकर मार दी। इसके बाद कार सामने ट्रक से भिड़ गई। हादसे में मृतक महिला का पति व बच्चा घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सोमवार की देर शाम कैलाश नगर भिलाई और भिलाई-3 के बजरंग पारा में एक हादसे की खबर के बाद शोक की लहर छा गई। हादसे की यह खबर पश्चिम बंगाल से यहां पहुंची थी। खबर के अनुसार कैलाश नगर के दलीप परिसर में रहने वाले राहुल गुहा की पत्नी नमिता गुहा अब इस दुनिया में नहीं रही। मुंबई -हावड़ा नेशनल हाइवे पर खड़गपुर से 30 किमी दूर झारग्राम नामक जगह में बने चेक पोस्ट के पास सोमवार को शाम 5 बजे के आसपास एक बड़े सड़क हादसे में नमिता गुहा की मौत हो गई। इसी हादसे में बजरंग पारा भिलाई-3 निवासी विनय यादव ने भी दम तोड़ दिया है। जबकि नमिता के पति राहुल गुहा और उसकी बेटी देवस्मिता गुहा को घायलावस्था में वहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाबाधाम से लौट रहे थे सभी
कैलाश नगर निवासी राहुल गुहा अपनी पत्नी नमिता गुहा और बेटी देवस्मिता गुहा के साथ अपनी कार सीजी 07 सीएच 1199 में बाबा धाम रवाना हुआ था। बाबा धाम के बाद उनका रिश्तेदारी में कोलकाता जाकर वहां से भिलाई वापस आने का कार्यक्रम तय था। दूरी अधिक होने के चलते राहुल गुहा ने कार चलाने में मदद के लिए अपने परिचित बजरंग पारा भिलाई-3 निवासी विनय यादव को भी चलने को तैयार किया। विनय यादव के पास खुद की कार है और उसे वह बुकिंग में चलाकर परिवार का भरन पोषण करता था। राहुल के कहने पर विनय उसके साथ गया था। विनय का एक पुत्र और एक पुत्री है। खबर मिलते ही विनय के परिजन घटना स्थल रवाना हो गए हैं। वहां से वे शव को अंतिम संस्कार के लिए गृहग्राम बिहार लेकर जाएंगे।