भिलाई। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने शनिवार की रात को कांबिंग गश्त चलाई। लगभग 12 घंटे की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 137 वारंटियों को पकड़ा। रातभर चले अभियान में राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी सहित कई जवान शामिल हुए। इससे पहले दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों सहित थाना व चौकी प्रभारियों की बैठक ली और फरार वारंटीओं को गिरफ्तार करने निर्देश दिए थे।
एसपी के निर्देश के बाद एएसपी संजय कुमार ध्रुव व एएसपी ग्रामीण अनंत साहू मार्गदर्शन में कांबिंग गश्त कराया गया था। जिसके बाद जिला दुर्ग के समस्त थाना एवम चौकी प्रभारी के द्वारा रात 9 बजे से चलाए गए अभियान में कुल 137 वारंट की तामिल कराई गई। इस गश्त के दौरान राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी व पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। कांबिंग गश्त में लंबे समय से फरार वारंटीयो को पकड़ने में सफलता मिली। इसके अलावा दुर्ग पुलिस ने टीम बनाकर सरप्राइज चेकिंग की जिसमें निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाशों को समझाइश दी।
थानों में वारंट के लंबित मामले बढ़ने आरोपियों के फरार होने व वारंट तामीली नहीं हो पा रही थी। इससे न्यायालय में प्रकरण लंबित थे। वारंट की तामीली होने से पीड़ितों को न्याय मिल सकेगा। पुलिस अधीक्षक दुर्ग शलभ कुमार सिन्हा के द्वारा फरार वारंटियो की गिरफ्तारी के लिए कॉबिंग गश्त चलाने हेतु दिए निर्देश के बाद तीसरी बार संयुक्त रूप से वारंटियों की गिरफ़्तारी का अभियान चलाया गया। इन अभियानों से विगत दो माह में 650 से अधिक वारंटियों को गिरफ़्तार कर न्यायालय पेश किया गया है।
