रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमीन विवाद के कारण बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। बड़े भाई ने खेत में काम कर रहे छोटे भाई का सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया। गांव वालों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। शुरुआती जांच के बाद आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। यह पूरा धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
दरअसल घटना गुरुवार दोपहर की है। रायगढ़ जिले के नरकालो गांव का रहने वाले धीरसाय राठिया(41) का अपने छोटे भाई अमीर साय राठिया(40) से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच कई बार जमीन को लेकर विवाद हो चुका था। घर के अन्य लोगों ने इनके बीच सुलह भी कराई। गुरुवार दोपहर को अमीर साय खेत में काम कर रहा था। इस दौरान वहां धीर साय पहुंच गया। इस बीच दोनों में फिर से विवाद होने लगा। विवाद इतना बड़ गया कि धीरसाय ने कुल्हाड़ी से अमीर साय के गर्दन परवार कर दिया।
इस वार से अमीर साय का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद धीरसाय मौके से भाग गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने अमीर साय का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को शुरुआती जांच के दौरान यह पता चला कि मृतक का अपने बड़े भाई से जमीन विवाद था। इसके बाद पुलिस घेराबंदी कर धीरसाय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में धीरसाय ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ल है। पुलिस ने आरोपी धीरसाय को जेल भेज दिया है।





