रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस द्वारा रविवार को अनोखा प्रदर्शन किया गया। रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान सिलेण्डर पर आम आदमी की अर्थी सजाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए केन्द्र सरकार को यह दिखाया कि आम आदमी महंगाई से कितना त्रस्त है।
प्रदर्शन के दौरान विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ गई है जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। देश में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री, टमाटर और सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी को परेशान कर दिया है। विधायक उपाध्याय ने पीएम मोदी के मन की बात पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात करते हैं लेकिन महंगाई पर कभी बात नहीं करते।
जनता की मार्मिक अपील है यह
विधायक उपाध्याय ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि यह कोई प्रदर्शन नहीं बल्कि आम आदमी की मार्मिक अपील है। केन्द्र सरकार मुफ्त में रसोई गैस कनेक्शन तो बांट रही है लकिन रिफिलिंग इतना महंगा हो गया है कि कोई दोबारा सिलेण्डर भरवा ही नहीं पा रहा है। गैस पर सब्सिडी खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पीएम की मोदी की मन की बात बड़े ध्यान से सुन रहे हैं लेकिन जनता की पीड़ा उन्हे सुनाई नहीं दे रही है।
