भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा अवैध निर्माण पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। निगम की टीम द्वारा यह कार्रवाई कुरुद क्षेत्र में की गई है। कुरूद नकटा तालाब के समीप 11 निर्माणाधीन मकान बिना अनुमति के बनाए जा रहे थे। सूचना मिलने पर निगम की टीम दलबल के साथ पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण को तोड़ा गया। इस दौरान अवैध निर्माणकर्ता व निगम की टीम के बीच तीखी बहस भी होती रही।
बता दें इस क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग को लेकर भिलाई निगम ने पहले भी कार्रवाई की थी। यहां का खसरा भी बैन किया हुआ है। बावजूद इसके बिना अनुमति घरों का निर्माण किया जा रहा था। जिसको देखते हुए भिलाई निगम की टीम दल, बल के साथ कुरूद पहुंची। एक-एक करके निर्माणाधीन घरों में कार्रवाई करना निगम ने प्रारंभ किया, किसी के बाउंड्री वॉल तोड़े तो, किसी के अन्य निर्माणों को निगम ने क्षतिग्रस्त कर दिया। दिनभर भिलाई निगम ने तोड़ू दस्ते के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसके साथ ही दो ट्रिप मुरूम, दो ट्रिप गिट्टी, दो ट्रिप ईट एवं दो ट्रिप रेत भी जब्त किया। भिलाई निगम की टीम एक जेसीबी तथा दो डंपर के साथ मौके पर पहुंची थी। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में निगम ने अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई की। निगम आयुक्त रोहित व्यास ने अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग, अवैध कब्जा तथा अनधिकृत निर्माण पर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसी कड़ी में निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। आज की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गुरुदत्त पंचभई, जोन आयुक्त जोन क्रमांक 2 येशा लहरें, उप अभियंता सिद्धार्थ साहू, शाहबाज अहमद तथा सहायक राजस्व अधिकारी जगदीश प्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।
