रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ठीक कुछ महीने पहले कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल कर दिया गया है। प्रदेश पार्टी की कमान अब बस्तर के आदिवासी नेता और सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वह विधायक मोहन मरकाम की जगह लेंगे। पार्टी नेतृत्व ने अब तक के कार्यों के लिए उनके योगदान की सराहना की है। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की ये दूसरी बड़ी नियुक्ति है। इससे पहले पार्टी के सीनियर नेता और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया था।
बताया जा रहा है कि अप्रैल में हुई कांग्रेस की बैठक में ही सांसद दीपक बैज के नाम पर मुहर लग गई थी। उन्हें अचानक ही दिल्ली बुलाया गया था। उस समय से ही कयास लगाए जा रहे थे कि मोहन मरकाम की जगह उन्हें नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। मोहन मरकाम आदिवासी समुदाय से आते हैं और दीपक बैज भी बस्तर के बड़े आदिवासी चेहरों में से एक हैं। सांसद बनने से पहले वे कई बार विधायक भी रह चुके हैं। 27 साल की उम्र में चुनाव जीतने के बाद वह छत्तीसगढ़ के सबसे युवा विधायक भी बने थे।
पिछले साल ही खत्म हो गया था मरकाम का कार्यकाल
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम का कार्यकाल पिछले साल ही खत्म हो गया था। इसके बाद से बदलाव की बातों ने जोर पकड़ा। मुख्यमंत्री दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने गए। इसके बाद उन्होंने संगठन में बदलाव को लेकर बयान दिया। इस बीच लगातार संगठन में बदलाव की खबरें आ रही थी। अब जाकर कांग्रेस आलाकमान ने छत्तीसगढ़ प्रदेश का नया अध्यक्ष चुना।

सीएम भूपेश ने ट्वीट कर दी शुभकामनाएं
सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज जी को नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारे निवर्तमान अध्यक्ष मोहन मरकाम जी का संगठन का सफल नेतृत्व करने के लिए आभार।