अंबिकापुर। क्या कभी सुना है कि बकरे का मांस खाने से भी किसी की जान जा सकती है। यदि ऐसा होता है तो मीट के शौकीनों को यह खबर पढ़नी चाहिए। दरअसल दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक शख्स की बकरे का मांस खाने से मौत हो गई। मौत भी ऐसी कि युवक काफी देर तक तड़पता रहा। दोस्त उसे अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह पूरा मामला सूरजपुर जिले के पर्री गांव का हैं। ग्राम मदनपुर निवासी बागर सिंह (50) सोमवार को अपने साथियों के साथ जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पर्री स्थित नर्सरी में पिकनिक मनाने पहुंचा था। पिकनिक में उसके दोस्तों ने बकरा काटा और मांस पकाने की तैयारी में थे। इस बीच बागर सिंह बकरे का कच्चा मांस खाने लगा। यही नहीं उसने बकरे के कटे सिर से आंख निकालकर निगल लिया। इसके बाद पता नहीं क्या हुआ बागर सिंह तड़पने लगा।
बागर सिंह कुछ देर तड़पता रहा और उसके बाद धडाम से गिर गया। इसके बाद उसके दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि बागर सिंह की दम घुटने से मौत हो गई। दरअसल बागर सिंह जब बकरे का कच्चा मांस खा रहा था और इस दौरान उसने आंख निगल ली थी। वहीं आंख उसके गले में फंस गई जिससे वह सांस नहीं ले पा रहा था। इस वजह से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है और मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पोस्ट मार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
