स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के स्टार जेवलीन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उन्होंने प्रतिष्ठित डायमंड लीग श्रृंखला के लुसान चरण में पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। नीरज ने 87.66 मीटर थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। जर्मनी के जूलियन वीबर 87.03 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर 86.13 मीटर थ्रो के साथ चेक गणराज्य के याकूब वादलेज्चे रहे। भारतीय जेवलिन स्टार नीरज का इस साल में यह दूसरा गोल्ड है। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में भी गोल्ड मेडल जीता था।
लीग के पहले राउंड में नीरज चोपड़ा ने फाउल के साथ शुरुआत की। जर्मनी के जूलियन वेबर ने 86.20 मीटर थ्रो के साथ बढ़त बनाई। पहले दौर के अंत में नीरज शीर्ष तीन एथलीटों में भी नहीं थे। इसके बाद दूसरे प्रयास में नीरज ने 83.52 मीटर का थ्रो किया। दूसरे राउंड के अंत में जूलियन बढ़त में रहे। बावजूद इसके नीरज की रैंकिंग में सुधार हुआ और वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए। तीसरे प्रयास में नीरज ने 85.02 मीटर का स्कोर किया। इस थ्रो के साथ वह दूसरे नंबर पर पहुंच गये। हालांकि जूलियन ने तब भी 86.20 मीटर थ्रो के साथ बढ़त बना रखी थी। ऐसे में चौथे प्रयास में नीरज फाउल कर बैठे। पांचवें प्रयास में नीरज की ‘गोल्डन आर्म’ ने अपना जादू चलाया और 87.66 मीटर का थ्रो हासिल किया। इसके साथ ही वह पहले स्थान पर पहुंच गये। छठे और अंतिम प्रयास में, नीरज ने 84.15 मीटर का थ्रो हासिल किया।
