भिलाई। वैशाली नगर से विधायक विद्या रतन भसीन की हालत काफी गंभीर है। विद्यारतन भसीन का इलाज राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में चल रहा है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। आज दोपहर बाद उनकी हालत एकदम से गंभीर हो गई। इसी दौरान उनके निधन की खबर फैल गई। सीएमओ ने भी ट्वीट कर दिया, हालांकि बाद में ये खबर अफवाह निकली।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी गंभीर हालत पर ट्वीट कर चिंता जताई है। उन्होंने लिखा कि विधायक विद्यारतन भसीन की हालत काफी नाजुक है, वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है। ईश्वर उन्हें लंबी उम्र दे, हम ऐसी कामना करते हैं।
दोपहर बाद विधायक भसीन का इलाज कर रहे डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन की तरफ से उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया। इसके बाद प्रदेश भाजपा के साथ ही सभी नेताओं ने अपना-अपना ट्वीट हटा लिया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सोशल मीडिया में भसीन के निधन की चल रही सूचनाएं गलत हैं। उल्लेखनीय है कि आज दोपहर में ही कई नेताओं ने ट्वीट करके भसीन के निधन की जानकारी देते हुए शोक संवेदना व्यक्त कर दिया था। प्रदेश भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी भसीन के निधन का ट्वीट किया गया था। इसकी वजह से सोशल मीडिया में उनके निधन की खबर तेजी से फैल गई है।
