कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के धुर नक्सल प्रभावित कोयलीबेड़ा इलाके में नक्सलियों ने अपने की साथी की हत्या कर दी। साथी नक्सली को नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर मौत की सजा दी। हत्या के बाद शव को कोयलीबेडा के जंगलों में फेंक दिया और एक पर्चा भी छोड़ा जिसमें हत्या की वजह लिखी गई थी। पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कोयलीबेड़ा इलाके में पुलिस को नक्सली मानू दुग्गा की खून से लथपथ लाश मिली। मानू दुग्गा वर्तमान में नक्सलियों की किसकेडो एरिया कमेटी का सदस्य सदस्य था, जिस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। जहां उसका शव मिला वहां से पुलिस ने एक पर्चा बरामद किया जिसमें उसकी हत्या उसके ही साथी नक्सलियों द्वारा किए जाने की बातें लिखी हुई थी। नक्सलियों ने अपने की साथी की हत्या का कारण भी लिखा।
महिला नक्सलियों पर रखता था बुरी नजर
पुलिस ने नक्सलियों द्वारा जारी बयान आधार पर बताया कि मानू दुग्गा अपने साथ की महिला नक्सलियों पर बुरी नजर रखता था। उसकी आदतें अच्छी नहीं थी। महिला नक्सलियों से छेड़छाड़ के साथ ही अश्लील बातें करता और उन पर बुरी नीयत रखता था। महिला नक्सलियों ने संगठन से इस संबंध में कई बार शिकायते की गई। इसके बाद संगठन द्वारा उसके कई बार समझाइश दी गई लेकिन उसके बर्ताव में कोई परिवर्तन नहीं आया। आखिरकार नक्सली संगठन ने जन अदालत लगाकर मानू दुग्गा को मौत की सजा दी और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
