भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी फरार हो गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इस बीच आरोपी के रीवा मध्यप्रदेश में होने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम रीवा रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार लाया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 376 भादवि 3, 4 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वैशाली नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 16 अक्टूबर 2022 को लिखित शिकायत देते हुए बताया कि रजनीश पटेल ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार उससे दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद अपराध दर्ज हुआ तो वह फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को पता चला कि आरोपी रजनीश मध्यप्रदेश के रीवा का रहने वाला है। इसके बाद उसकी लोकेशन सर्च करने का प्रयास किया गया। पीड़िता के बताए मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस को लगभग 7 माह बाद आरोपी का सुराग लगा।

पुलिस को पता चला कि आरोपी अपने गृहग्राम आबी रिवा थाना मनगवा (मप्र) में रह रहा है। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम को रवाना किया गया। मध्यप्रदेश के थाना मनगवा की पुलिस के सहयोग से आरोपी रजनीश पटेल गिरफ्तार कर थाना वैशाली नगर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी थाना प्रभारी वैशाली नगर, एसआई कमला यादव, प्रधान आरक्षक राजु सिंह, आरक्षक दुर्गेश राजपूत, रवि यादव एवं थाना मनगवा जिला रीवा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भुमिका रही।
