भिलाई। सार्वजनिक स्थलों पर शराब पार्टी करने से रोकने वाली पुलिस ही शराब पार्टी करने लगे तो क्या होगा। शराब पार्टी तक तो ठीक था लेकिन वहीं पुलिस कर्मी आपस में ही भिड़ जाए तो कानून व्यवस्था को कौन मानेगा। ऐसा ही एक मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र में देखने को मिला। रविवार को दो हवलदारों ने प्रमोशन की खुशी में बकरा व शराब पार्टी दी। इस पार्टी के दौरान भिलाई नगर में पदस्थ एएसआई गुप्तेश्वर यादव पर हेड कॉन्स्टेबल यशवंत ठाकुर के साथ उसके बेटे विनित ठाकुर व शिवम ठाकुर ने जमकर मारपीट की। मारपीट से घायल गुप्तेश्वर को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मामले की जानकारी के बाद एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने हेड कॉन्स्टेबल यशवंत ठाकुर को सस्पेंड कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई नगर थाने में प्रमोशन मिलने पर दो सिपाहियों ने अपने सभी सहकर्मियों को बकरा और शराब की पार्टी दी। जयंती स्टेडियम के पास जंगल झाड़ी में बकरा बनाया गया और जाम छलके। यह वहीं जगह है जहां एसपी अभिषेक पल्लव ने लगातार अभियान चलाकर शराब खोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई थी । अब इसी जगह को पुलिस कर्मियों ने अपना अड्डा बना लिया। शराब पार्टी की निमंत्रण पर यहां नगपुरा चौकी में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल यशवंत ठाकुर भी पहुंच गया। पार्टी के दौरान यशवंत ठाकुर का हवलदार प्रेम सिंह से विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख एएसआई गुप्तेश्वर यादव वहां पहुंचे और समझाइश देकर शांत कराया। हवलदार प्रेम सिंह ने यशवंत ठाकुर से माफी भी मांग ली ।
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ यशवंत ठाकुर ने अपने बेटो को कॉल कर बुला लिया। फोन करने पर उसके बेटे विनित ठाकुर व शिवम ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और एएसआई गुप्तेश्वर यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे अनिल गुप्ता को भी मार पड़ी और उसके सिर पर टांके लगे हैं। बताया जा रहा है हेड कॉन्स्टेबल के बुलावे पर पहुंचे उसे बेटों ने गुप्तेश्वर यादव से बुरी तरह से मारपीट की थी। दोनों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनक इलाज चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस पूरे मामले में एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने घटना के बाद हेड कॉन्स्टेबल यशवंत ठाकुर को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उसके व उसके बेटों के खिलाफ अपराध दर्ज कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है।
