जगदलपुर। जगदलपुर में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। इसके चलते एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर में जगह-जगह पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए। इसके चलते रास्ते बाधित हो गए और तार टूटने से बिजली सप्लाई बंद हो गई। सबसे ज्यादा नुकसान शहर के बाहरी हिस्सों में हुआ है। किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान की आशंका है।

करीब एक घंटे तक तेज हवाएं चलीं और उसके साथ मूसलाधार बारिश हुई। इसके चलते जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर के बाहरी इलाको कुम्हरावंड, पल्ली, केशलूर, बिरिंगपाल, मालगांव, सरगीपाल आदि जगहों में काफी नुकसान हुआ है। अनेक स्थानों पर बड़े होर्डिंग, घरों की छत और पेड़ उखड़ गए। कुछ जगहों में बिजली की तारो में पेड़ की डाल गिरने से बिजली गुल हो गई।


तेज अंधड़ से शहर के मारेंगा चौक व शिवानंद आश्रम जाने वाले मार्ग में सांकेतिक बोर्ड गिरा गया जिसकी वजह से कुछ देर तक आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस और यातायात विभाग की टीम ने मार्ग को सुचारू रूप से खुलवा दिया है। तेज आंधी-तूफान और बारिश की वजह से किसानों को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है सब्जी उगाने वाले किसानों को आंधी-तूफान के चलते नुकसान हो सकता है।
