जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मंगलवार की सुबह मृतक की मां ने सबसे पहले बेटे को फंदे से लटका देखा। घर के बाहर पेड़ पर उसकी लाश लटकी मिली। तत्काल उसने घर में बाकी सदस्यों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार मेटगुडा निवासी भगवान बघेल (27) ने अपने घर के बाहर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सोमवार रात को परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाने के बाद सोने चला गया। आधी रात करीब 1 बजे वह घर से बाहर निकला और पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह लगभग 4 बजे उसकी मां बाहर निकली तो उसने सबसे पहले अपने बेटे की लाश को पेड़ पर लटके देखा।
इसके बाद उसने परिवार के बाकी लोगों को जगाया। आनन फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। पूछताछ में पता चला कि मृतक पेंटिंग का काम करता था। उसे मिर्गी की बीमारी थी जिसके कारण वह अक्सर परेशान रहता था। आत्महत्या का कारण पुलिस फिलहाल बीमारी को ही मान रही है। मामले में बोधघाट पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
