जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आदिवासी पहाड़ी कोरवा जनजाति की महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला अपने बच्चों के साथ पड़ोस में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थी। इस दौरान वहां पहुंचे एक भाजपा नेता ने महिला को डीजे के शोर के बीच अगवा किया और जंगल में ले जाकर रेप किया और नग्न हालत में महिला को छोड़कर भाग गया। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह पूरा मामला जिले के बगीचा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार कोरवा आदिवासी महिला शनिवार को पड़ोस में हो रही बर्थ डे पार्टी में अपने बच्चों के साथ गई थी। पार्टी में डीजे बज रहा था और लोग डांस कर रहे थे। शोर के बीच स्थानीय भाजपा नेता सरजू पैंकरा ने आदिवासी महिला को जबरदस्ती अपने साथ जंगल की ओर ले गया। जंगल में पहले महिला की पिटाई की और जबरन उससे संबंध बनाया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई तो उसे नग्न हालत में वहीं छोड़कर भाग निकला।
दूसरे दिन मनरेगा में काम करने वाली महिलाओं ने महिला को देखा और परिजनों को सूचना दी। मामला पुलिस तक पहुंचा और पुलिस ने आरोपी सरजू पैंकरा के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया। घटना के बाद आरोपी भाजपा नेता लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की। आरोपी को पुलिस ने सरगुजा से गिरफ्तार किया। आरोपी सरजू पैंकरा स्थानीय भाजपा नेता व पूर्व बीडीसी सदस्य है।





