भिलाई Bhilai. भिलाई में मैत्री बाग में सफेद शेरों का कुनबा एक बार फिर बढ़ गया है। सफेद शेरनी रक्षा ने एक साथ तीन शावको को जन्म दिया है। डेढ़ माह पहले शेरनी रोमा ने एक शावक को जन्म दिया था। फिलहाल सभी शावकों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। तीन नए शावकों के जन्म के साथ की मैत्री बाग में सफेद शेरों की संख्या 9 हो गई है।
बता दें 1997 में सफ़ेद शेर का एक जोड़ा ओड़िशा के भुवनेश्वर स्थित चिड़िया घर से मैत्री बाग में लाया गया था। तब से अब तक मैत्री बाग में सफेद शेरों का कुनबा लगातार बढ़ता ही आया है। यहां सफेद शेरों के लिए बेहतर वातावरण है और मैत्री बाग प्रबंधन के बेहतर रखरखाव के कारण भी सफेद शेरों का कुनबा बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि मैत्री बाग के सफेद शेरों की पूरे देश में मांग है और अब तक देश के कई चिड़ियाघरों में मैत्री बाग में जन्मे सफेद शेरों को भेजा गया है।

मैत्री बाग प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार शेरनी रक्षा ने तीन नन्हें शावकों को जन्म दिया है। इनके पिता का नाम सुल्तान है। जन्म के पश्चात चार माह तक नन्हें शावकों को मां के सानिध्य में डाक्टरों की विशेष निगरानी में स्तनपान एवं अन्य कारणों से डार्क रूम में रखा जाता है। मैत्री बाग में जन्मे तीन नए शावकों को भी डॉक्टर द्वारा अपनी निगरानी में रखा गया है और मेडिसिन के रूप में उन्हें विशेष प्रकार की विटामिन युक्त दवाइयां दी जा रही हैं।
