भिलाई। देश में मानसून की दस्तक हो चुकी है। एक सप्ताह की देरी से मानसून केरल पहुंचा है। मानसून की दस्तक के साथ केरल के 95 फीसदी क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई है। बारिश के साथ ही लोगों को गर्मी व तपन से राहत मिली है। बताया जा रहा है कि मानसून काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही तमिलनाडू व कर्नाटक में प्रवेश करेगा। वहीं छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री 20 जून तक होने की संभावना है।
मौसम विभाग (IMD) से मिली जानकारी के अनुसार केरल में एक सप्ताह की देरी से मानसून पहुंचा है। राज्य में मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। अमूमन मई के अंतिम सप्ताह या एक जून तक केरल में मानसून की एंट्री हो जाती है। इस बार अरब सागर में उठे बिपरजॉय तूफान के कारण मानसून का रास्ता रुक गया। तूफान का रुख पाकिस्तान की ओर हो गया इसके कारण मानसून का रास्ता खुला। मानसून की दस्तक के साथ ही अब इसके देश के अन्य राज्यों में भी जल्द पहुंचने की संभावना है।
20 जून तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ में मानसून
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में आने वाले 10 से 12 दिनों में मानसून की एंट्री हो जाएगी। केरल से तमिलनाडू, कर्नाटका, आंध्र प्रदेश व ओड़िशा होते हुए मानसूनी बारिश छत्तीसगढ़ पहुंच सकती है। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम काफी गर्म है और तापमान अपने चरम पर है। राजधानी रायपुर, दुर्ग भिलाई सहित अन्य जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार है। ऐसे में मानसूनी बारिश का इंतजार है।





