कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक महिला ने मां बनने की चाहत में दूसरी महिला के मासूम बच्चे को अगवा कर लिया। इसके लिए उसने पड़ोसी गांव के मकान में दीवार फांदकर बच्चे को उठाकर भागी। पड़ोसी के घर पर वह पूरी रात रुकी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्जनपुर गांव निवासी समारू बैगा ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उसके बड़े बेटे शिवकुमार पत्नी पवन कुमारी ने करीब 22 दिन पहले एक बेटे को जन्म दिया। दो जून की रात सभी लोग खाना खाकर सो रहे थे। तड़के करीब 4 बजे नींद खुली तो देखा कि बच्चा बिस्तर पर नहीं था। उसे घर के आसपास, बाड़ी, नदी, नाला, झाड़ी में तलाश किया, पर नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुकदुर क्षेत्र के खम्ही गांव निवासी मधुभाई को हिरासत में ले लिया। पहले तो पूछताछ में वह गुमराह करती रही, लेकिन फिर अलग-अलग तरीके से पूछताछ में अपहरण की बात स्वीकार कर ली। मधुबाई ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करती है। उसकी शादी को तीन साल हो गए हैं, लेकिन कोई संतान नहीं है।

मधुबाई ने बताया कि उसके गांव की पवन कुमारी की शादी दुर्जनपुर गांव में हुई है। उसके कुछ दिन पहले ही बच्चा हुआ था इसकी जानकारी उसे लगी। इसके बाद वह शुक्रवार को दुर्जनपुर के साप्ताहिक बाजार पहुंची वहां पवनकुमारी को बच्चे के साथ देखा। इसके बाद उसे बच्चे को चुराने का इरादा किया। इसके बाद सामान खरीदकर रात करीब 9 बजे पवन कुमारी के बगल वाले घर में रुक गई। रात करीब 2 बजे उठी और घर की दीवार फांदकर बच्चे को अगवा कर भाग गई।




