अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती दुष्कर्म का आरोपी कैदी गुरुवार देर रात हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। बंदी को मनेंद्रगढ़ जेल से इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज लाया गया। बंदी को बवासीर की शिकायत थी और उसका दो दिन में ऑपरेशन होने वाला था। खासबात यह है कि जिस समय बंदी भागा उस समय जेल संतरी वार्ड के बाहर ड्यूटी पर थे।
मिली जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ पुलिस ने बिहार के बेगुसराय में ग्राम नवागोठी निवासी गोपाल रजक ( 29) को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया था। घटना के समय वह मनेन्द्र गढ़ में रहता था। पुलिस ने उसने जेल भेज दिया था। इस बीच उसकी तबीयत खराब होने पर जांच की गई तो बवासीर से पीड़ित मिला। इसके बाद जेल उसे 30 मई को अंबिकापुर सेंट्रल जेल भिजवा दिया। सेंट्रल जेल से उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल के जेल वार्ड में रखा गया था।

मेडिकल कालेज अस्पताल में जांच के बाद बंदी ने आपरेशन के लिए सहमति भी दे दी थी। आने वाले एक दो दिन में उसका ऑपरेशन होना था। इस बीच गुरुवार देर रात करीब 12 बजे बिस्तर में बंधी हथकड़ी को कलाई से खिसकाकर पिछले दरवाजे से आरोपी गोपाल रजक फरार हो गया। बंदी की निगरानी के लिए तैनात संतरियों को इसकी भनक भी नहीं लगी। बंदी के भागने के कुछ देर बाद जब संतरी वार्ड में पहुंचे तो बंदी गायब मिला। इसके बाद उसकी काफी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। दुष्कर्म के विचाराधीन बंदी के भाग निकलने से यहां के सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
