कोरबा Korba. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक तरफा प्यार में सनकी आशिक ने युवती के प्रेमी की हत्या कर दी। युवक जिस महिला से प्यार करता था वह किसी और को चाहती थी। यह बात युवक को नहीं जची और उस पर इतनी सनक सवार हुई कि उसने महिला से मिलने पहुंचे युवक को उसी के घर सामने मौत के घाट उतार दिया और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया। दूसरे दिन पुलिस को युवक की खून से लतपथ मिली। हालांकि आरोपी युवक ज्यादा दिन बच नहीं सका और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मामला कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र का है। इस मामले में पुलिस आरोपी को जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक छुरी बस्ती में 23 मई को स्थानीय निवासी सुभाष देवांगन (36) का शव उसकी ही प्रेमिका के घर के सामने खून से लथपथ मिला था। सुभाष अपनी प्रेमिका से ही मिलने के लिए देर रात पहुंचा था। सुबह उसका शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि जिस महिला से मृतक का प्रेम संबंध था उससे बस्ती का ही रहने वाला बलराम साहू भी एक तरफा प्यार करता था।
पुलिस ने इसके बाद शक के आधार पर बलराम साहू को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। शुरुआत में तो वह टाल मटोल करता रहा लेकिन बाद में उसने हत्या की बात मान ली। आरोपी बलराम साहू ने पुलिस को बताया कि, वह महिला से प्यार करता था। उसे पता था कि रविवार रात करीब 11 बजे सुभाष अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आने वाला है। इस पर वह पहले ही घात लगाकर महिला के घर के पास बैठ गया। रात में जैसे ही सुभाष वहां पहुंचा, बलराम साहू ने मछली काटने वाले औजार से सुभाष के सिर और गर्दन पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। इसके चलते सुभाष खून से लथपथ वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। आरोपी बलराम की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।